कारोबारी सूत्रों के मुताबिक इस साल अप्रैल से अक्टूबर के दौरान देश से करीब 73,000 टन जीरे का निर्यात हो चुका है जबकि पिछे साल इस दौरान देश से 53,800 टन जीरे का निर्यात हो पाया था। सूत्रों के मुताबिक नवंबर के दौरान भी निर्यात में बढ़ोतरी बने रहने की संभावना है और नवंबर का निर्यात 7000-8000 टन तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।
जीरे का निर्यात करने वाले दूसरे देशों में इस साल फसल कम है जिस वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय जीरे की मांग मजबूत है। सूत्रों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय जीरा 2,400-2,500 डॉलर
प्रति टन पर बिक रहा है।
जानकारों के मानना है कि 2016-17 के दौरान देश का जीरा निर्यात 1.20 लाख टन तक पहुंच सकता है, पिछले साल यानि 2015-16 के दौरान देश से सिर्फ 98,700 टन जीरे का निर्यात हो पाया था।





