OUR NEW WEBSITE IS COMING UP SOON. KEEP VISITING THIS PAGE FOR MORE UPDATES. ----- JOIN OUR WhatsApp BROADCAST LIST, GIVE MISSED CALL ON 08893534646

Friday, November 18, 2016

डॉलर इंडेक्स 14 साल की नई ऊंचाई पर, पूरे कमोडिटी बाजार में गिरावट



डोनल्ड ट्रंप के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव जीतने की वजह से अमेरिकी करेंसी डॉलर में आई तेजी को अमेरिकी सेंट्रल बैंक की चेयरपर्सन जनेट यलेन के बयान ने और भी बढ़ा दिया है, डॉलर इंडेक्स 14 साल की नई ऊंचाई तक पहुंच गया है, और डॉलर में आई तेजी की वजह से पूरे कमोडिटी बाजार में कमोडिटीज की कीमतों में गिरावट दर्ज की जा रही है।



शुक्रवार को डॉलर इंडेक्स ने 101.32 की ऊंचाई को छुआ जो 2003 की शुरुआत के बाद सबसे ऊपरी स्तर है। डॉलर इंडेक्स की तेजी की वजह से अधिकतर कमोडिटीज की कीमतों मे गिरावट देखी जा रही है, कच्चा तेल करीब 1 फीसदी घटकर 45.50 डॉलर प्रति बैरल के करीब कारोबार कर रहा है वहीं सोने का भाव करीब 5 महीने के निचले स्तर तक गया है, फिलहाल कॉमेक्स पर सोना 1,207 डॉलर प्रति औंस के करीब कारोबार कर रहा है जो जून की शुरुआत के बाद सबसे कम भाव है। सोने की तरह चांदी में भी बिकवाली देखी जा रही है और इसका भाव भी 5 महीने के निचले स्तर तक लुढ़क चुका है।



दरअसल गुरुवार को अमेरिकी सेंट्रल बैंक की चेयरपर्सन जनेट यलेन ने बयान दिया है कि ब्याज दरों को बढ़ाने का समय अब चुका है, उनके बयान के बाद दिसंबर में ब्याज दरों मे बढ़ोतरी को लगभग पक्का माना जा रहा है जिस वजह से डॉलर में तेजी और भी बढ़ी है।


डॉलर इंडेक्स में आई तेजी की वजह से विदेशी बाजार में कमोडिटीज की कीमतों में जो गिरावट आई है उसका असर घरेलू बाजार पर भी दिख सकता है। गुरुवार को कमोडिटी एक्सचेंज MCX  पर सोना 254 रुपये घटकर 29,129 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ है जबकि चांदी 531 रुपये घटकर 40,707 रुपये पर बंद हुई है, वहीं कच्चा तेल हल्की गिरावट के साथ 3,112 रुपये पर बंद हुआ है।