OUR NEW WEBSITE IS COMING UP SOON. KEEP VISITING THIS PAGE FOR MORE UPDATES. ----- JOIN OUR WhatsApp BROADCAST LIST, GIVE MISSED CALL ON 08893534646

Wednesday, October 5, 2016

हल्दी में बढ़ सकती है गिरावट, तेलंगाना में उत्पादन 13% बढ़ने का अनुमान


देशभर में हल्दी के बड़े उत्पादक राज्य तेलंगाना में उत्पादन बढ़ने की संभावना से हल्दी की कीमतों में गिरावट बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल महीने भर से हाजिर और वायदा बाजार में हल्दी के भाव पर दबाव बना हुआ है, मंगलवार को कमोडिटी एक्सचेंज NCDEX पर अक्टूबर वायदा के लिए हल्दी का भाव बिना किसी बदलाव के 7,110 रुपये प्रति क्विंटल के स्तर पर बंद हुआ है।

मार्केट टाइम्स को मिले तेलंगाना कृषि विभाग की ओर से जारी 2016-17 के लिए पहले अग्रिम अनुमान के मुताबिक इस साल तेलंगाना में हल्दी की पैदावार में करीब 13 फीसदी का इजाफा होने का अनुमान लगाया जा रहा है। राज्य में इस साल 2.10 लाख टन हल्दी पैदा होने का अनुमान है जबकि पिछले साल राज्य में 1.86 लाख टन हल्दी का उत्पादन हुआ था। देशभर में पैदा होने वाली कुल हल्दी का करीब 20 फीसदी उत्पादन अकेले तेलंगाना में ही होता है।

पिछले साल यानि 2015-16 के दौरान भी देश में हल्दी का उत्पादन करीब 15 फीसदी बढ़ा है। केंद्रीय कृषि मंत्रालय के मुताबिक 2015-16 के दौरान देश में 9.57 लाख टन हल्दी का उत्पादन हुआ है, 2014-15 के दौरान देश में 8.30 लाख टन हल्दी का उत्पादन हुआ था।